फिरोजाबाद। निगम के जन्म-मृत्यु पंजीयन काउंटरों पर लोगों की कतार लंबी हो रही है। शुक्रवार को पंजीयन प्रक्रिया व प्रमाण पत्र जारी कराने संबंधी शिकायतें मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
निगम के जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग में समय से प्रमाण पत्र जारी नहीं होने,पंजीयन प्रक्रिया में लेटलतीफी संबंधी शिकायतों की फेरहिस्त लंबी हो रही है। शुक्रवार को कई लोगों ने नगर आयुक्त प्रशांत नागर से मुलाकात कर शिकायतें दर्ज कराईं। कई-कई माह पूर्व आवेदन के बाबजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं होने संबंधी शिकायतों की पुष्टि होने पर नगर आयुक्त ने प्रभारी जन्म-मृत्यु पंजीयन विभाग के अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों से कड़ी नाराजगी जाहिर की।नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर पुराने प्रकरणों का निस्तारण कराने व रिपोर्ट देने को कहा है। प्रभारी जन्म-मृत्यु पंजीयन एवं सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद के मुताबिक जन्म-मृत्यु पंजीयन संबंधी लगभग 1350 आवेदन सत्यापन के लिए तहसील सदर,230 आवेदन सीएमओ कार्यालय पर अटके हैं।संबंधित विभागों को पत्र लिख कर आवेदन सत्यापन में तेजी को कहा है।