पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो हजार पिस्टल के कारतूस बरामद किए।
पचोखरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान आगरा से एटा ले जाए जा रहे दो हजार पिस्टल के कारतूस पकड़ लिए। पकड़े कारतूस एटा के एक गन हाउस पर ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने पर कारतूसों को जब्त कर सील कर दिया है।
एसपी के आदेश पर पचोखरा थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह बुधवार रात 10 बजे एटा रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी आगरा से एटा जा रही कार को पुलिस ने रुकवा लिया। चेकिंग में गाड़ी से दो हजार पिस्टल के कारतूस बरामद किए गए। पुलिस को कार स्वामी मोहन वर्मा पुत्र स्व. रामस्वरूप वर्मा निवासी अवागढ़ हाउस, एटा ने बताया कि उनकी एटा में वर्मा गन हाउस नाम से दुकान है। पिस्टल के कारतूस वह आगरा से दुकान के लिए लेकर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक चेकिंग में सभी कागजात सही पाए गए, लेकिन आचार संहिता के तहत असलाह और कारतूस आदि ले जाना उल्लंघन के दायरे में है। पकड़े कारतूसों को चुनाव के बाद रिलीज किया जाएगा।