मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच आरोग्य मेले में उमड़ी भीड़, 2210 मरीजों का हुआ उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले में मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार को 67 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं लेने पहुंचे। मेले में कुल 2210 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भागीदारी खास रही।
आरोग्य मेले में कुल 832 पुरुष, 1090 महिलाएं और 288 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। अधिकतर मरीज वायरल बुखार, खांसी, जुकाम, पेट दर्द और त्वचा संबंधी समस्याओं से ग्रसित पाए गए। डॉक्टरों ने मौके पर ही मरीजों की जांच की और निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। आरोग्य मेले में जनरल फिजीशियन सहित अन्य डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। मरीजों को न केवल उपचार मिला, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
एसीएमओ डॉ. पवन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला हर रविवार को आयोजित किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में वायरल बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और समय पर इलाज लेने की सलाह दी गई है।