फिरोजाबाद। भीषण गर्मी और उमस के कारण बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, सर्दी-जुकाम और त्वचा रोगों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में रविवार को जिले के 67 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में कुल 1,824 मरीजों का परीक्षण और उपचार किया गया, जिनमें 812 महिलाएं, 645 पुरुष और 367 बच्चे शामिल थे।
चिकित्सकों के अनुसार, तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से डिहाइड्रेशन, पेट संक्रमण और मौसमी बीमारियों के मामले बढ़े हैं, जिनका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखा जा रहा है। मेले में मरीजों को जरूरी दवाएं देने के साथ ही गर्मी से बचाव के तरीके भी सिखाए गए। एसीएमओ डॉ. पवन वर्मा ने बताया कि गर्मी के चलते मौसमी बीमारियां बढ़ी हैं, इसलिए लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ताजा भोजन करने, तेज धूप से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। उन्होंने किसी भी परेशानी में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है। संवाद