परिजन ने खून की व्यवस्था न होने की बात कही तो चिकित्सकों ने चार हजार रुपये में उपलब्ध कराने की बात कही। परिजन के रुपये देने के बाद चिकित्सकों ने खून चढ़ा दिया। खून चढ़ते ही मरीज की माैत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित हॉस्पिटल में ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज की रक्त चढ़ाने के उपरांत मौत हो गई। परिजन ने गलत खून चढ़ाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच कर रही हैं।
विज्ञापन
थाना मक्खनपुर के मोहम्मदपुर नवादा निवासी शीलेंद्र कुमार कश्यप (50) के पैर का ऑपरेशन होना था। शीलेंद्र के बेटे मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने पिता को 29 मार्च को थाना उत्तर के मथुरा नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। 30 मार्च को डाॅक्टरों ने रक्त लाने के लिए कहा। परिजन ने खून की व्यवस्था न होने की बात कही तो डाॅक्टरों ने चार हजार रुपये में उपलब्ध कराने की बात कही। परिजन के रुपये देने के बाद डाॅक्टरों ने खून चढ़ा दिया। खून चढ़ते ही शीलेंद्र की तबीयत खराब हो गई।
थोड़ी देर बाद मरीज की मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजन ने हंगामा कर दिया। उन्होंने डॉक्टर पर गलत ब्लड चढ़ाने का आरोप लगाया है। जानकारी पर थाना उत्तर पुलिस पहुंची। परिजन की शिकायत पर एसीएमओ डॉ. अभिषेक कुमार जांच के लिए पहुंच गए। पुलिस ने परिजन को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि अस्पताल प्रबंधक से अभिलेख मांगे गए हैं। जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिजन ने थाने में तहरीर दी है।