करीब डेढ़ माह पूर्व पुलिस टीम पर फायरिंग कर पुलिस अभिरक्षा से कुख्यात अपराधी भोला जाट को रिहा कराने के मामले में पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी चंद्रमोहन उर्फ सीएम गौतम निवासी गांव चंद्रपुरा थाना सुरीर, मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस भोला की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
विदित हो कि पंकज उर्फ भोला जाट को विगत 27 मई की शाम मथुरा में पेशी से लौटते समय उसके साथी एत्मादपुर रेलवे पुल से पुलिस की आंखों में मिर्च झोंककर एवं गोलियां बरसाकर बस से छुड़ा ले गए थे। इस दुस्साहिक घटना में चार पुलिस कर्मी घायल हो गये थे। पुलिस ने भोला पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस ने भोला के साथी और वारदात में शामिल चंद्रमोहन उर्फ सीएम को बाघईमोड़ से गिरफ्तार कर लिया। चंद्रमोहन के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने कन्हैया निवासी गांव चंदवारा थाना सहपऊ, हाथरस हाल निवासी वन विभाग कालोनी सादाबाद, हाथरस, महेश निवासी गांव नगला जय सिंह थाना सुरीर, मथुरा, को गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में शामिल बंटू और बॉबी ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। वहीं बदमाश अजीत और जगवीर को अलीगढ़ व बुलंदशहर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। ऐसे वारदात में शामिल छह अपराधी सलाखों के पीछे हैं।
भोला जाट सहित तीन अपराधी हैं अभी फरार
50 हजार का इनामी शार्प शूटर पंकज उर्फ भोला जाट, उसका बायां हाथ समझा जाने वाला विष्णु पंडित और मोहित उर्फ कालिया अभी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस तीनों शातिरों की तलाश में है। इन तीनों ही आरोपियों पर 82 की कार्रवाई की जा चुकी है।
एसएससी की कोचिंग कर रहा था सीएम
गिरफ्तार चंद्रमोहन उर्फ सीएम गौतम ने बताया कि उसे नहीं पता था कि उसका रिश्तेदार विष्णु पंडित क्या करने जा रहा है? वह इंटरमीडिएट के बाद मथुरा में रहते हुए एसएससी की कोचिंग ले रहा था। 28 मई को उसे घर जाना था। इससे पूर्व ही विष्णु गौतम उर्फ विष्णु पंडित ने उसके यहां फंक्शन होने की बात कहते हुए उसे राया बुलाया। उसे आगरा पहुंचने पर मामले की जानकारी हुई।
रिश्तेदार ने बर्बाद कर दी जिंदगी, नहीं करूंगा माफ
पूछताछ में चंद्रमोहन ने बताया कि वह अपनी मेहनत से नौकरी पाना चाहता था। उसकी इच्छा पर परिवारीजनों ने उसे मथुरा में कोचिंग दिलाने के लिए एडमिशन दिलाया था, लेकिन उसके रिश्तेदार ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। चंद्रमोहन उर्फ सीएम ने अपराध का इकबाल करते हुए कहा कि उसे धोखे से अपराध में शामिल किया गया। वह अपने रिश्तेदार को कभी माफ नहीं करेगा।