फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को दिल्ली से मतपत्र लाने के लिए टीम उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय के निर्देशन में बुधवार को दिल्ली जाएगी। प्रधान, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 52. 84 लाख मतपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में लाए जाएंगे।
पंचायतों की मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाशन एवं आंशिक परिसीमन के अनंतिम प्रकाशन के साथ ही जिले में पंचायत चुनाव की गतिविधियां काफी तेजी से प्रारंभ हो गई है। जिला पंचायत, प्रधान का चुनाव लड़ने वालों ने गांव-गांव प्रचार अभियान शुरू कर दिया। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंद्र विजय सिंह के निर्देशन में पंचायत चुनाव के लिए मतपत्र लाने के लिए 30 दिसंबर को जिले से टीम उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय के निर्देशन में दिल्ली जाएगी। मतपत्रों को दो 12 चक्का ट्रकों में भरकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में लाया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक गाड़ी के साथ पुलिस की टीम मुस्तैद रहेगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए जिले को 52.84 लाख मतपत्रों की जरूरत होगी। मतपत्रों को लाने के लिए प्रभारी बनाए गए उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय के निर्देशन में अफसरों एवं स्टाफ की टीम दिल्ली के लिए 30 दिसंबर को जाएगी। दो या फिर तीन जनवरी तक मतपत्र जिले में आने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखवाया जाएगा।
प्रधान का हरा, जिला पंचायत सदस्य का गुलाबी होगा मतपत्र
फिरोजाबाद। मतपत्रों को पदों के हिसाब से अलग-अलग कलर के होंगे। ग्राम प्रधान का मतपत्र हरे कलर का होगा तो वहीं जिला पंचायत सदस्य पद का मतपत्र गुलाबी कलर का होगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के मतपत्र नीला तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद का मतपत्र सफेद कलर का होगा।