एडीएम नमामि गंगे और डीपीआरओ पर तानाशाही के आरोप, गोशाला फंड व ऑडिट शोषण से आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले के ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति ने एडीएम नमामि गंगे व प्रभारी डीपीआरओ मोहनलाल गुप्ता पर उत्पीड़न व दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सदर ब्लॉक में आयोजित बैठक में पंचायत सचिवों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न हुआ तो सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप छोड़कर शासकीय कार्यों का बहिष्कार व धरना देंगे।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव की अध्यक्षता वाली इस बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष अभयदीप यादव ने कहा कि गोशाला संचालन चार विभागों की साझा जिम्मेदारी है, लेकिन चार माह से फंड न आने पर पूरी दोषारोपण सचिवों पर होता है। प्रभारी डीपीआरओ द्वारा सचिवों व एडीओ पंचायत के साथ अभद्रता व तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। एसएलडब्ल्यूएम के पुराने निर्माण कार्यों की शासन-स्तरीय जांच हो चुकी है, फिर भी दोबारा जांच के नाम पर शोषण हो रहा।
महिला पंचायत सचिवों ने अवकाश के दिन कार्यालय बुलाने व देर रात वीसी कराने का विरोध किया। महामंत्री आदित्य मिश्रा ने बताया कि अकारण वेतन रोका जाता है, ऑडिटर पैसे मांगते हैं। मनरेगा, पीएम आवास, मुख्यमंत्री आवास, मृत्यु प्रमाणपत्र, फार्मर रजिस्ट्री व एग्री एटेक जैसे कार्यों में भी सचिवों को परेशान किया जा रहा।
एडीएम नमामि गंगे व प्रभारी डीपीआरओ मोहनलाल गुप्ता ने कहा कि पंचायत सचिवों ने कोई समस्या नहीं बताई। यदि कोई शिकायत है तो उसका निदान किया जाएगा। उनका उद्देश्य विभागीय कार्यों को गति देना है, न कि परेशान करना।