पंचायत चुनाव: 80 बीएलओ अनुपस्थित,एफआईआर की तैयारी
शिकोहाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त किए गए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपनी ड्यूटी को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। शिकोहाबाद, अरांव और हाथवंत ब्लॉक में कुल 202 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन अब तक केवल 122 बीएलओ ने ही अपनी ड्यूटी प्राप्त की है। शेष 80 बीएलओ अनुपस्थित हैं।
एसडीएम शिकोहाबाद डॉ. गजेंद्रपाल सिंह ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस बार पंचायत चुनावों का काम ई-बीएलओ एप के माध्यम से होगा और कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने चेतावनी दी है कि जो बीएलओ अपनी ड्यूटी लेने में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अनुपस्थित बीएलओ का प्रशिक्षण 6 अगस्त से शुरू होगा।