जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते धनगर महासभा के पदाधिकारीसंगठन
- फोटो : जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते धनगर महासभा के पदाधिकारी संगठन
टूंडला। काशी के मणिकर्णिका घाट और टूंडला में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमाओं को हटाए जाने के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय पर धनगर समाज ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। इसके साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह धनगर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचा। पदाधिकारियों ने प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि 10 जनवरी 2026 को काशी प्रशासन ने बिना सूचना दिए मणिकर्णिका घाट पर स्थापित ऐतिहासिक मूर्ति को खंडित कर दिया। सितंबर 2022 में टूंडला के रॉयल गार्डन के सामने लगाई गई प्रतिमा को हटाया गया था। अब तक पुनर्स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार अहिल्याबाई की 300वीं जयंती मना रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन उनकी प्रतिमाओं का अपमान कर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रतिमाओं को सम्मान सहित वापस स्थापित नहीं किया गया तो समाज आंदोलन को और तेज करेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष लखपत सिंह, राम नरेश प्रधान और मानपाल सिंह, अवनीश, डॉ एसके पाल, रमेशचंद्र धनगर, सरवनसिंह, महेश चंद्र एडवोकेट, दिनेश कुमार, शिवनारायण सिंह मौजूद रहे।