फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग ने राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया और समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत शिक्षक 7 से 30 जून तक निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और इसके साथ अपना पोर्टफोलियो भी जमा करेंगे। इस पुरस्कार के लिए केवल वही नियमित शिक्षक-शिक्षिका पात्र होंगे जिनकी न्यूनतम 15 साल की नियमित सेवा पूरी हो चुकी हो और सेवानिवृत्ति में कम से कम पांच वर्ष शेष हों। बेसिक शिक्षा निदेशक के निर्देशों के अनुसार संविदा शिक्षक, शिक्षामित्र, सेवानिवृत्त शिक्षक और पूर्व में पुरस्कृत शिक्षक इसके लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
जिला चयन समितियां पहली से 20 जुलाई तक आवेदनों का सत्यापन व मूल्यांकन करेंगी, जिसके बाद राज्य स्तर पर 1 से 14 अगस्त तक पुनर्मूल्यांकन और साक्षात्कार होगा। शिक्षकों का मूल्यांकन कुल 100 अंकों पर किया जाएगा, जिसमें नामांकन वृद्धि, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति, नवाचार और डिजिटल तकनीक का प्रयोग जैसे मानक शामिल हैं। इसमें वस्तुनिष्ठ मानकों के लिए 40 अंक, प्रदर्शन आधारित गतिविधियों के लिए 40 अंक और साक्षात्कार के लिए 20 अंक तय हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय समिति की जांच और संस्तुति के आधार पर ही चयनित आवेदनों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। संवाद