जसराना चौराहा पर श्रद्धालुओं की कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार छह अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद मैनपुरी के थाना बेवर के गांव नगला केहरी निवासी धर्मेंद्र उर्फ विवेक (22) पुत्र अजब सिंह गांव के ही मोनू उर्फ उपेंद्र पुत्र फेरू सिंह की कार से गणेश पुत्र जनवीर सिंह, सीमा पत्नी गणेश, संध्या पुत्री होती लाल, सुमन पत्नी प्रमोद के साथ जसराना स्थित जखइया मेले में जात करने आ रहे थे। रात करीब पौने तीन बजे जसराना चौराहा के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। युवक की मौत की खबर पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष जसराना का कहना है कि पीड़ित परिवारीजन यदि तहरीर देते है तो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।