- ससुराल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पत्नी संग जा रहा था पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। हाईवे पर एक बार फिर बाइकर्स गैंग सक्रिय हो गया है। रविवार को बाइक द्वारा पति के साथ मायके आ रही महिला से पल्सर सवार बदमाश गहनों से भरा बैग छीन ले गए। पुलिस चौकी के निकट दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में भय व्याप्त हो गया है।
मथुरा के थाना बल्देव अंतर्गत गांव बरौली निवासी सतीश कुमार रविवार दाेपहर 12:30 बजे अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी व साले अतुल के साथ बाइक द्वारा ससुराल में आयोजित गोद भराई के कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। वे राजा का ताल पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी पीछे से आए पल्सर सवार दो बदमाशों ने महिला से पर्स छीन लिया और भाग गए। सतीश ने बदमाशों का पीछा भी किया पर वे पकड़ में नहीं आ सके।
पीड़ित ने राजा का ताल चौकी प्रभारी राकेश गिरी को घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि बैग में एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पाजेब, चांदी की कर्धनी व आठ सौ रुपये भी थे। सीओ विनीत कुमार सिकरवार का कहना है कि चौकी प्रभारी ने देरशाम घटना की जानकारी दी है। बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।