दो दिन से भूखी हूं, बेटे-बहू ने नहीं दिया भोजन
पीड़िता का व्यथा सुन भावुक हुए एसएसपी, खाना खिलाने के बाद सुनी बात
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। एसएसपी आफिस में मंगलवार दोपहर 12 बजे पहुंची एक वृद्ध महिला (मजीदान पत्नी स्व. जहीर उस्ताद निवासी तेलियों वाली गली मोहल्ला शीशग्रान थाना रसूलपुर) ने उसने मिलने की इच्छा जाहिर की। एसएसपी आशीष तिवारी से महिला ने कहा, साहब दो दिन से भूखी हूं। बेटे और पुत्रवधू ने खाना नहीं दिया। इस पर एसएसपी भी भावुक हो गए।
उन्होंने पीआरओ भगवत सिंह को निर्देश देकर महिला को पहले भोजन कराया। इसके बाद एसएसपी को उसने अपनी व्यवस्था सुनाते हुए कहा कि साहब पुत्र और उसकी पत्नी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। जब वह भूख से व्याकुल हो गई तब न्याय के लिए यहां पर पहुंची। महिला की व्यथा सुनकर एसएसपी ने थानाध्यक्ष रसूलपुर कमलेश सिंह को निर्देश देने के साथ ही सरकारी गाड़ी से महिला को उसके घर तक पहुंचाया।