नारखी (फिरोजाबाद)। बारिश थमने के बाद भी मुसीबत कम नहीं हुई। नारखी क्षेत्र में ओखरा रजबाह उफान पर है। दूसरे ओर कई स्थानों पर खंदी कट जाने के कारण सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। इसके कारण किसानों के खेतों में पानी भर गया। पानी की निकासी नहीं होने के कारण किसान परेशान हैं। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश का क्रम शुक्रवार को तड़के तक चलता रहा। शुक्रवार को सुबह से मौसम साफ होने के कारण क्षेत्र की जनता को राहत मिली। लेकिन ग्रामीण अंचल में हालात खराब हो गए। ओखरा रजबाह में खंदी कई स्थानों पर खंदी कट जाने के कारण बारिश के पानी का रुख सीधे किसानों के खेतों की ओर हो गया। पानी ओखरा, सेवलारामपुर, मदनपुर गांव तक पहुंच गया। बारिश का पानी चहुंओर भरे होने के कारण किसान परेशान हैं। किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अफसरों को दी।
सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के विभाग के जेई सक्रिय हो गए। जेई ने बुलडोजर से उक्त खंदी को बंधवाने का काम शुरू कराया, जिससे किसानों की फसलों को बचाया जा सके।सिंचाई विभाग की इस लापरवाही को लेकर किसानों में काफी रोष व्याप्त है। उन्होंने जिलाधिकारी से रजबाह कटने के कारण बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। मांग करने वालों में मोहित उपाध्याय, भूपेंद्र कुशवाह, अंकित कुमार, प्रवीन कुमार, राजेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, रजनेश कुमार, राघवेंद्र सिंह सहित काफी ग्रामीण शामिल थे।