फिरोजाबाद। जिले में बीते तीन दिन में औसतन 197.37 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। फिरोजाबाद तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 261.60 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सिरसागंज तहसील क्षेत्र में सबसे कम 131.70 मिलीमीटर बारिश हुई। लगातार बारिश होने के कारण दूसरे दिन भी खेतों एवं नई आबादी में पानी भरा रहा।
सितंबर में पिछले तीन दिनों से लगातार हुई बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। नई आबादी वाले इलाकों में मकानों के आसपास बारिश का पानी भर गया। वहीं खेतों में पानी भरने के कारण किसानों का सुख चैन छीन लिया है। बारिश के कारण कहीं मकानों की दीवारें तो कहीं कच्चे मकानों की छतें, कहीं पेड़ एवं बिजली के खंभे गिर गए।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि सितंबर में दो दशक पूर्व तक इतनी बारिश नहीं हुई। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 261.60 मिलीमीटर बारिश होने के कारण यहां अधिक प्रभाव पड़ा है। तीन दिनों में बुधवार एवं बृहस्पतिवार के मध्य सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश थमने के साथ किसानों को काफी राहत मिली है।
तीन दिन में कहां कितनी हुई बारिश
जिला मुख्यालय-137.20 मिलीमीटर
फिरोजाबाद-261.60 मिलीमीटर
शिकोहाबाद-169.80 मिलीमीटर
सिरसागंज-131.70 मिलीमीटर
टूंडला-256.00 मिलीमीटर
जसराना-220.50 मिलीमीटर
-
जिले में औसतन बारिश-197.37 मिलीमीटर