लखनऊ से जिले की हर घटना पर नजर रखेंगे अधिकारी
- फोटो : Amar Ujala
100 डायल योजना की ट्रेनिंग का कार्य हुआ शुरु
जिले में कुल 175 सिपाहियों को दी जानी है ट्रेनिंग
जिले में डायल 100 योजना का शुभारंभ हो गया है। इसके लिए अभी शासन ने गाड़ियां उपलब्ध नहीं कराई हैं लेकिन पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने का काम सोमवार से पुलिस लाइन में शुरू हो गया। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनिंग आफिसर ने पुलिसकर्मियों को योजना की जानकारी दी।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो पीड़ित अथवा राहगीर द्वारा 100 नंबर पर सूचना देने के साथ ही 15 से 20 मिनट के अंदर पुलिस मौके पर पहुंचेगी। इसकेे लिए प्रदेश के लखनऊ, इलाहाबाद और गाजियाबाद जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए है। 70 फीसदी सूचनाएं लखनऊ कंट्रोल रूम में रिसीव की जाएगी। वहीं 15-15 फीसदी सूचनाएं इलाहाबाद और गाजियाबाद कंट्रोल रूम में लखनऊ कंट्रोल रूम के व्यस्त होने पर रिसीव की जाएंगी। पीड़ित को फोन पर मात्र घटनास्थल की जानकारी देनी होगी। इसके बाद लखनऊ, गाजियाबाद और इलाहाबाद कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी और कर्मचारी गाड़ी के मौके पर पहुंचते ही घटनास्थल को स्क्रीन पर देख सकेंगे। ट्रेनिंग ऑफिसर ने बताया कि जिन जिलों में 100 डायल योजना शुरू की गई है, उन जिलों के प्रमुख स्थान और गली मोहल्लों के साथ सड़कों को गूगल पर अपलोड किया जा रहा है। वहीं यदि घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के बाद अतिरिक्त फोर्स की आवश्यकता पड़ेगी तो उसे मौके पर जाने के आदेश कंट्रोल रूम द्वारा दिए जाएंगे।
18 दिन चलेगी ट्रेनिंग
100 डायल योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। उनकी ट्रेनिंग 18 दिन पुलिस लाइन में चलेगी। इसका शुभारंभ सोमवार से हो चुका है। साथ ही जिले को 33 नई गाड़ियां योजना के तहत मिलेंगी।
कर्णपाल सिंह प्रतिसार निरीक्षक फीरोजाबाद।