फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के हाजीपुरा चौराहा के समीप स्थित कबूतर मंडी में शुक्रवार को तड़के लगी आग से 11 दुकानें (खोखे व फड़) जलने की घटना के बाद शनिवार को जमीअत उल हिंद के पदाधिकारियों ने सीओ सिटी हरिमोहन सिंह एवं थाना प्रभारी के साथ पीड़ित दुकानदारों से भेंट की। प्रभावित दुकानदारों को शासन से आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।
शनिवार को जमीअत उल हिंद के महासचिव कारी नईम सिद्दीकी, नगर अध्यक्ष मौलाना आमीन अख्तर, मौलाना फारुख एवं करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां के नेतृत्व में शनिवार को कबूतर मंडी हाजीपुरा चौराहा के समीप पहुंचे। उन्होंने आग लगने के कारण जले 11 खोखे एवं दुकानों पर चिंता जाहिर की। सीओ सिटी हरिमोहन सिंह एवं थाना प्रभारी रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह के समक्ष कहा कि दुकानदार काफी गरीब परिवारों से हैं। उन्होंने शासन से आर्थिक मदद कराए जाने की मांग की। मौलाना आमीन अख्तर ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। ताकि दुकानदारों की मदद की जा सके। मांग करने वालों में मुफ्ती फारुख, हाफिज सूफियान, हाफिज जाहिद मौलाना, मौलाना कासिम, हाफिज साउद, मौलाना ग्यास, हाफिज अनस, हाफिज शादाब, मुदस्सर खान, बबलू खान शामिल थे।