फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नर्सिंग छात्रा की माैत पर बवाल: कब्र से निकाली लाश, कलेक्ट्रेट पर हंगामा; परिजन को उकसाने के पीछे बड़ी साजिश!

Sun, 01 Nov 2026 10:39 AM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, मैनुपरी/ फिरोजाबाद

सार

फिरोजाबाद के नर्सिंग काॅलेज में पढ़ने वाली छात्रा की माैत पर बवाल हो गया। परिजन ने दफनाने के बाद शव कब्र से निकाल लिया। मैनपुरी से शव कार में रखकर फिरोजाबाद पहुंच गए। कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। बाईपास जाम करने की कोशिश की। दिनभर हंगामा चलता रहा।
विज्ञापन
1 of 8
नर्सिंग छात्रा माैत केस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले में शनिवार को पूरे दिन चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को बेकाबू होने से रोकने पर रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक चले इस घटनाक्रम में एक तरफ जहां पुलिस ने सूझबूझ से शव को गांव भिजवाया वहीं दूसरी ओर कलेक्ट्रेट गेट पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बाईपास जाम करने की कोशिश पर पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

शनिवार सुबह जब आक्रोशित परिजन कब्र से निकाला गया शव कार में रखकर फिरोजाबाद जिला मुख्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस अलर्ट हो गई। सीओ सदर तेजस त्रिपाठी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने सुबह करीब 11 बजे ही सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के पास कार सहित शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजन को समझाने का प्रयास किया। मगर वे नहीं माने। इस पर पुलिस ने परिजन को चकमा देकर शव को गांव की ओर रवाना कर दिया। दोपहर करीब एक बजे शव वापस मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र स्थित मृतका के गांव पहुंचा। यहां मैनपुरी पुलिस के अधिकारियों की निगरानी में दोपहर लगभग 2:30 बजे शव को दोबारा दफन कराया गया।

 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
कब्र खोदकर परिजन ने निकाला शव। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शव गांव भिजवाए जाने के बावजूद कलेक्ट्रेट पर परिजनों का आक्रोश कम नहीं हुआ। चेकिंग को चकमा देकर पहुंचे मृतका के पिता, दोनों भाई, मामा और परिवार की महिलाओं के साथ नवजागृति कठेरिया धानुक समाज महासंघ के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कई बार फिरोजाबाद-शिकोहाबाद बाईपास को जाम करने का प्रयास किया। बाईपास जाम करने की कोशिश के दौरान मौके पर तैनात रसूलपुर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, मटसैना थाना पुलिस, लाइनपार इंस्पेक्टर रमित आर्य और महिला थाना इंस्पेक्टर रीना चौधरी की टीम के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने यातायात बाधित नहीं होने दिया। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ यह हंगामा और धरना-प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा, जिससे पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा।


 
विज्ञापन

3 of 8
कार से शव लाने की सूचना पर वाहनों की जांच करती पुलिस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हाथरस का बूलगढ़ी कांड दोहराने की साजिश
छात्रा की मौत का मामला कानूनी लड़ाई के बजाय अचानक एक गंभीर कानून-व्यवस्था के संकट में बदल गया। परिजन को समाज की दुहाई देकर भड़काया गया और हाथरस के चर्चित बूलगढ़ी कांड जैसी स्थिति पैदा कर माहौल बिगाड़ने की गहरी साजिश रची गई। गौरतलब है कि 29 अक्तूबर को पुलिस की मौजूदगी में छात्रा का शव दफना दिया गया था। पुलिस की खुफिया जांच में सामने आया है कि शुक्रवार तक मामला शांत था लेकिन शनिवार सुबह एकाएक घटनाक्रम बदल गया। आरोप है कि कुछ बाहरी लोगों और सामाजिक संगठन के लोगों ने पीड़ित परिवार को समाज के मान-सम्मान और न्याय न मिलने का डर दिखाकर कब्र से शव निकालने के लिए उकसाया। इस पर मृतका के भाई ने शव शुक्रवार रात को ही कब्र से बाहर निकाल लिया था।

 

4 of 8
माैके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद-मैनपुरी पुलिस का खुफिया तंत्र फेल
नर्सिंग छात्रा की मौत मामले में शनिवार को मैनपुरी पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ। औंछा थाना क्षेत्र में कब्र से दफनाया गया शव निकालने और उसे फिरोजाबाद लाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश की भनक स्थानीय एलआईयू व पुलिस को नहीं लग सकी।

 
विज्ञापन

5 of 8
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करती महिलाएं। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सौदेबाज की चर्चा, ऑडियो भी वायरल
इस घटना में शुरुआत से सौदेबाजी की चर्चा रही है। शनिवार को एक ऑडियो भी पीड़ित परिवार की ओर से वायरल किया गया। इस ऑडियो में मटसैना इलाके की एक महिला नेत्री ने रिकॉर्ड किया है। इसमें वह किसी पुलिसकर्मी से बात कर रही है, जिसमें वह एक भाजपा नेता के जरिये पैसों के लेनदेन की बात कह रही है। पुलिसकर्मी की ओर से कहा जा रहा है कि उसे इससे कोई लेना-देना नहीं है। मामले में बताया जा रहा है कि ऑडियो में जिन रुपयों की बात हो रही है, वह दो लाख रुपये हैं। 29 अक्तूबर को कॉलेज प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की मदद के लिए यह रुपये दिए गए थे। इन रुपयों को पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने अपने पास रख लिया, जिससे की रुपये परिवार तक नहीं पहुंचे हैं। हालांकि इस ऑडियो की पुलिस स्तर से कोई पुष्टि नहीं की गई।

 
विज्ञापन

6 of 8
छात्रा की माैत पर प्रदर्शन करते लोग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इंसाफ की गुहार और आक्रोश में खुद कानून तोड़ गया पीड़ित परिवार
वरिष्ठ अधिवक्ता सतेंद्र सिंह बताते हैं कि आपराधिक न्याय प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों के मुताबिक यदि किसी मृत व्यक्ति के पोस्टमार्टम या दोबारा जांच के लिए शव को कब्र से बाहर निकालने की आवश्यकता पड़ती है, तो पुलिस या परिजनों द्वारा सीधे तौर पर या अपनी मर्जी से कब्र खोदकर शव को बाहर नहीं निकाला जा सकता। इसके लिए सक्षम न्यायालय या जिला प्रशासन (मजिस्ट्रेट) के समक्ष विधिवत प्रार्थना पत्र देकर अनुमति लेनी होती है। जब मजिस्ट्रेट द्वारा अनुमति प्रदान की जाती है, तो शव को निकालते समय प्रशासनिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और डॉक्टर (मेडिकल बोर्ड/पैनल) का मौजूद रहना कानूनी रूप से अनिवार्य होता है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।

 
विज्ञापन

7 of 8
नर्सिंग छात्रा माैत केस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस ने दोबारा कराया दफन
फिरोजाबाद नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत के मामले ने शनिवार को फिर तूल पकड़ लिया। मैनपुरी के गांव में दफनाए गए शव को क्रब से निकालकर परिजन कार में रखकर फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर शव को गांव भिजवाकर दोबारा दफन करवाया लेकिन परिजन, रिश्तेदार और समर्थक कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर देर शाम तक धरने पर बैठे रहे। नवजागृति कठेरिया धानुक समाज महासंघ के पदाधिकारियों के साथ प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने मांग रखी कि कॉलेज प्राचार्य और बेटे की गिरफ्तारी हो और दूसरे जिले के डॉक्टरों के पैनल से दोबारा शव का पोस्टमार्टम कराया जाए। मुकदमे की विवेचना वर्तमान थाना पुलिस से हटाकर किसी निष्पक्ष एजेंसी को सौंपी जाए। कॉलेज की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही मृतका के गांव की एक अन्य बच्ची को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द किया जाए। लापरवाही बरतने पर एसओ मटसैना को बर्खास्त किया जाए और कॉलेज की भूमि व निर्माण के अवैध होने की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

 
विज्ञापन

8 of 8
दफन शव निकालकर मुख्यालय पहुंचे परिजन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यह है पूरा मामला
28 अक्तूबर की सुबह मैनपुरी निवासी 22 वर्षीय छात्रा का शव कॉलेज से करीब 300 मीटर दूर रेलवे लाइन पर मिला था। पुलिस ने शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज व ट्रेन पायलट के बयानों के आधार पर इसे 27 अक्तूबर की रात महाबोधि एक्सप्रेस के आगे आकर आत्महत्या बताया था। वहीं, परिवार ने दुष्कर्म की कोशिश और हत्या का आरोप लगाया था। 29 को मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य सुरेंद्र दक्ष और उसके बेटे यश दक्ष के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, हत्या और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद पोस्टमार्टम हुआ था और उसी दिन देर शाम शव पुलिस की मौजूदगी में गांव में दफन कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। परिजनों ने यह भी मांग रखी कि पूर्व में हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी को सार्वजनिक किया जाए।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें