उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में तीन दिन लगातार बारिश के रविवार को तेज धूप निकली। बदलते मौसम के बीच बुखार के साथ पेट दर्द के मरीजों की भी संख्या बढ़ रही है। जो पेट दर्द के साथ लूज मोसन की भी समस्या बता रहे हैं। ऐसे मरीज मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं। यहां वार्डों में मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। इधर, रविवार को आरोग्य मेलों में इन मरीजों की संख्या सर्वाधिक रही।
मौसम में हो रहे बदलाव से वायरल बुखार और जल जनित बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में इन दिनों बुखार और गले में संक्रमण का प्रकोप बढ़ा है तो पेट दर्द व दस्त भी मरीजों को परेशान कर रहा है। रविवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और बालरोग विभाग में बुखार, खांसी-जुकाम के साथ पेट दर्द के मरीज अधिक रहे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता ने बताया कि इन दिनों वायरल का मरीज अधिक आ रहा है। साथ ही बदले मौसम के कारण पेट दर्द की भी समस्या बन रही है। शेष का इलाज चल रहा है। इधर, 67 स्थानों पर लगे आरोग्य मेलों में 2500 से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें 500 से अधिक मरीज बुखार से पीड़ित थे।
जिले भर के सरकारी चिकित्सालयों में डेंगू,मलेरिया और टायफाइड की जांच प्रतिदिन हो रही है। पॉजिटिव मरीजों का डाटा एकत्र कर शासन को भेजा जा रहा है। वायरल बुखार के साथ पेट दर्द के मरीज ओपीडी में परामर्श लेने पहुंच रहे हैं। -
डॉ. पवन कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी