फिरोजाबाद। ‘मेरी पंचायत, मेरा अधिकार, जन सेवाएं द्वार’ अभियान के तहत अब ग्राम पंचायतें सिटीजन चार्टर को लागू करने का काम करेंगी। इसके लिए ग्राम पंचायत की खुली बैठक आयोजित की जाएंगी। शासनादेश आने के साथ डीएम चंद्र विजय सिंह ने इसका क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए हैं।
शासन के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने ग्राम पंचायतों में सिटीजन चार्टर को लागू किए जाने के निर्देश दिए थे। ग्राम पंचायतों में ग्रामीण जनता के काम समय से हो सकें इसी के तहत ‘मेरी पंचायत मेरा अधिकार, जन सेवाएं द्वार’ अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में सिटीजन चार्टर लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत ग्राम पंचायतों में खुली बैठक 12 अगस्त तक आयोजित होंगी। बैठकों में सिटीजन चार्टर को तैयार कराने के साथ ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त को चस्पा कराया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायतों के 29 विषयों के अंतर्गत दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं को शामिल करते हुए मॉडल पंचायत सिटीजन चार्टर तैयार किया है। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में फेसिलेटर को पहले से तैनात किया है जो प्रधान एवं सचिव से अलग होगा। उन्होंने कहा कि जिले की 564 ग्राम पंचायतों में सिटीजन चार्टर को लागू किए जाने के साथ उसका अनुपालन कराए जाने की कार्रवाई विभाग के द्वारा पूर्ण की जा रही है।
आशीष कुलश्रेष्ठ बने बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष
फिरोजाबाद। आशीष कुलश्रेष्ठ को बाल कल्याण समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है। सोमवार की इसकी घोषणा शासन स्तर से की गई। शासन द्वारा सूचना के अनुसार किशोर न्याय अधिनियम के तहत बालकों की देखभाल व उचित संरक्षण को संचालित बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पद पर आशीष कुलश्रेष्ठ को नामित किया गया है। इसके अलावा समिति में सदस्य के तौर पर फिरदौश अंजुम एवं ललिता सिंह को शामिल किया गया है।