जिला मुख्यालय स्थित दबरई बिजलीघर पर आग लगने के बाद फीडर से जुड़े गांवों में चौथे दिन सोमवार को भी विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। विभाग द्वारा बिजलीघर पर देर रात तक नई मशीनें स्थापित कराने का कार्य कराया गया।
बता दें कि दबरई बिजलीघर से जिला मुख्यालय के साथ मटसेना और गौंछ फीडर से जुड़े 20 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार शाम ओसीबी में चिंगारी के कारण उपकेंद्र में आग लग गई थी। आग लगने से तीन कर्मचारी भी झुलस गए थे। ओसीबी में आग के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। विभागीय कर्मचारियों ने घंटों की मेहनत के बाद जिला मुख्यालय की आपूर्ति सुचारु कर दी लेकिन मटसेना और गौंछ फीडर से जुड़े गांवों की सप्लाई चालू नहीं हो सकी। विद्युत विभाग द्वारा आग लगने से डैमेज मशीनों के स्थान पर नई मशीनें मंगाकर रविवार को कार्य प्रारंभ करा दिया गया। बिजलीघर पर देर रात तक मशीनें स्थापित करने का कार्य चला। सोमवार को भी दिन में कार्य कराया गया। चार दिन से आपूर्ति नहीं होेने के कारण ग्रामीण खासे परेशान हैं। इस संबंध में एक्सईएन आरबी रॉय ने बताया कि दूसरे फीडर से काटकर गांवों को तीन-चार घंटे आपूर्ति दी गई है, जिससे लोगों को पानी मिल सके। जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।