दूषित पानी पीने से संत नगर में फैले डायरिया का प्रकोप थम नहीं रहा है। पहले दिन 55 से अधिक मरीजों को दवाओं का वितरण किया गया तो वहीं दूसरे दिन गुरुवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संत नगर में डेरा डाले रखा। करीब 35 लोगों को दवा वितरित की गईं। सीएमओ पीड़ित मरीजों को देखने और क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। वहीं स्वास्थ्य निरीक्षक और टीम ने पाइप लाइन से आने वाले पेयजल का भी चेक किया।
बता दें कि संतनगर क्षेत्र में दूषित पानी पीने के कारण डायरिया फैल गया है। डायरिया से तीन लोगों की मौत के बाद अन्य बीमार लोग घबरा गए हैं। मामले की जानकारी पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम संत नगर पहुंच गई और दवा वितरित की। गुरुवार को सीएमओ डॉ. पुष्कर आनंद ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। सीएमओ ने स्वास्थ्य निरीक्षक दीनदयाल से पेयजल जांचा तो इंफेक्शन की मात्रा मिली। सीएमओ ने रिपोर्ट बनाकर नगर निगम एवं जलकल विभाग को भेजी है। पेयजल में क्लोरिन डलवाने की जरूरत बताई गई है। साथ ही सीएमओ ने पाइप लाइन को चैक कराने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को चिकित्सक डॉ. नगेंद्र सिंह, डॉ. सतेंद्र सिंह, अजय कुशवाह, एलटी अंशुमन सिंह ने मरीजों की जांच कर दवा का वितरण किया।
मरीजों को 24 घंटे मिलेगा इलाज
संत नगर में डायरिया फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। यहां मरीजों को 24 घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। सीएमओ ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य टीम सायं आठ बजे तक क्षेत्र में रहेगी। उसके बाद सीएचसी पर टीम तैनात रहेगी।
पाइप लाइन लीकेज रहा कारण
घरों में गंदा एवं झाग युक्त पानी जाने का कारण पाइप लाइन का लीकेज होना बताया गया है। सीएमओ ने बताया कि पाइप लाइन लीकेज है तो नाली का पानी घरों में चला जाता है। इससे बैक्टीरिया युक्त पानी पीने से डायरिया फैल रहा है।
लगे रहे गंदगी के ढेर, नगर निगम ने नहीं ली सुध
संत नगर में डायरिया की गंभीर स्थिति होने के बाद भी नगर निगम नहीं जागा। डायरिया से तीन लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में गंदगी के जगह-जगह ढेर लगे हैं।
---------------------------
पेयजल में इंफेक्शन की मात्रा पाई जा रही है। हमने जांच की थी। रिपोर्ट नगर निगम एवं जल संस्थान को सौंप दी गई है। क्लोरिन डलवाना होगा। हर जगह की पाइप लाइन चैक कराने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा है।
डॉ. पुष्कर आनंद
सीएमओ, फीरोजाबाद
किस तरह रखें स्वास्थ्य का ध्यान
- पानी को उबाल कर उसे ठंडा करें, तब पिएं।
- खाना खाने से पहले हाथ धोएं।
- स्वच्छता का ध्यान रखें।
- ओआरएस का घोल पिएं।
- शुद्ध पेयजल का अधिक से अधिक सेवन करें।