टूंडला। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित के फूफा और उसके पुत्र ने ही 9 लाख रुपये की ठगी कर ली। डाक से फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजकर गुमराह किया। पीड़ित ने पिता-पुत्र के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव उलाऊ निवासी राहुल कुमार के फूफा राकेश कुमार और उनके पुत्र प्रवेंद्र उर्फ नेता निवासी धीरपुरा थाना नगला सिंघी 18 अप्रैल 23 को उसके घर आए। आरोप है कि राकेश कुमार और प्रवेंद्र रेलवे में टीसी के पद पर नौकरी दिलाने की बात कही। पीड़ित ने दो बीघा खेत बेचकर सात लाख रुपये फूफा को दे दिए। आरोपियों ने बाकी के दो लाख रुपये ज्वाइनिंग लेटर आने से पहले मांगे। कुछ समय बाद डाक से ज्वाइनिंग लेटर घर पहुंच गया था। पीड़ित ज्वाइनिंग लैटर लेकर कोलकाता रेलवे कार्यालय में पहुंचा।
कोलकाता में मौजूद रेलवे अधिकारियों ने ज्वाइनिंग लेटर को फर्जी बताकर पीड़ित को लौटा दिया। रेलवे में ज्वाइनिंग न मिलने पर पीड़ित ने आरोपी रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पिता-पुत्र ने जान से मारने की धमकी दे डाली। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।