नवागत एसएसपी आदित्य लांग्हे अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए। संवाद
- फोटो : नवागत एसएसपी आदित्य लांग्हे अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए। संवाद
फिरोजाबाद। नवागत एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बुधवार को जिले की कमान संभाल ली। पुलिस लाइन सभागार में उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। कहा, जिले में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना, सड़क हादसों में कमी लाना और महिला संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में पुलिस तत्परता से काम करेगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम को और अधिक सक्षम बनाया जाएगा ताकि जनता को ठगी से बचाया जा सके। शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कार्यालय आने वाले हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और समय से उसका निस्तारण किया जाएगा। पुलिस टीम को और अधिक संवेदनशील और सक्रिय बनाया जाएगा।