फिरोजाबाद। कांच नगरी में नई इकाइयां लगाने के इच्छुक उद्यमियों की सबसे बड़ी समस्या यानी उपयुक्त औद्योगिक भूमि की कमी अब दूर होने वाली है। उद्योग विभाग ने टूंडला तहसील के रूधऊ मुस्तकील में 9 हेक्टेयर और सिरसागंज तहसील के उरावर हस्तर्फ में 13 हेक्टेयर सहित कुल लगभग 23 हेक्टेयर क्षेत्र में दो नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए हैं।
दोनों स्थानों पर चिन्हित भूमि का समतलीकरण कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में बाउंड्रीवॉल निर्माण तेजी से चल रहा है। जलापूर्ति व्यवस्था और संपर्क मार्ग के विकास के बाद भूखंडों का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा।
परंपरागत कांच उद्योग के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण, बायो गैस प्लांट, पैकेजिंग और अन्य एमएसएमई इकाइयों की स्थापना के लिए युवा उद्यमी आगे आ रहे हैं। ओडीओपी एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत भी नई इकाइयों की संख्या बढ़ रही है। इन सभी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से उद्योग विभाग ने यह पहल की है।
उपायुक्त उद्योग संध्या यादव ने बताया कि रूधऊ मुस्तकील और उरावर हस्तर्फ में समतलीकरण पूरा हो चुका है। बाउंड्रीवॉल, जलापूर्ति और संपर्क मार्ग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। सभी कार्य पूरे होते ही भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।