फिरोजाबाद। 100 सैया अस्पताल में बच्चे के इलाज में बड़ी लापरवाही सामने आई। एक बच्चे पर ब्लड चढ़ाने के लिए स्टाॅफ ने एबी पॉजिटिव ग्रुप का खून मंगा लिया, जबकि दोबारा जांच में बच्चे का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव निकला।
लेबर कॉलोनी निवासी ऋषभ गुप्ता के डेढ़ वर्षीय पुत्र नामित गुप्ता को कोल्ड वायरल हो गया था। उन्होंने 100 सैया अस्पताल में एक चिकित्सक को दिखाया। जांच में बच्चे का हीमोग्लोबिन भी कम पाया, चिकित्सक ने ब्लड चढ़ाने की सलाह दी। पहली बार जांच में बच्चे का ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव बताया गया। बच्चों के पिता ने ब्लड बैंक से एबी पॉजिटिव ब्लड ले लिया। स्टाफ ने दो घंटे बाद ब्लड चढ़ाने के लिए कहा। ड्यूटी बदलने पर नए स्टाफ ने बच्चे की दोबारा जांच कराई। उसमें बच्चे का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव आया।
परिजन इस लापरवाही को देखकर हैरत में पड़ गए। चिकित्सकों के अनुसार गलत ग्रुप का ब्लड चढ़ने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जो अत्यंत गंभीर है। सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही हमारे संज्ञान में नहीं है। हम मामले को देखते हैं कि लापरवाही के स्तर से हुई है।