टूंडला। प्रदेश सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे और ग्रामीण कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के प्रयासों के तहत टूंडला विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से प्रतीक्षित नारखी, गांगनी और कायथा मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी देते हुए 9.40 करोड़ बजट आवंटित कर दिया है।
क्षेत्रीय विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए इसके नवनिर्माण की मांग की थी। सरकार ने साढ़े चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई को 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह द्वारा इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है। परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 9,40,87,000 रुपये है। प्रथम किस्त 91,94,000 काम शुरू करने हेतु जारी कर दी गई है। निर्माण कार्य के साथ-साथ अगले 5 वर्षों तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प हमारी प्राथमिकता है। इससे पहले एटा रोड के फोरलेन और नगला सिंघी क्षेत्र की सड़कों के प्रस्ताव भी पास हो चुके हैं। हमारा लक्ष्य टूंडला को पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाना है।