शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नरेंद्र सिंह यादव (35) की हत्या हुए छह दिन बीत गए हैं। लेकिन अभी तक परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी है। मृतक नरेंद्र की मां का रो-रो कर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगा रही है। मां की बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी कर दी, लेकिन परिजनों ने मामले की अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
बालाजी मंदिर के समीप नई आबादी में रहने वाले युवक नरेंद्र सिंह यादव का शव छह फरवरी की सुबह बालाजी मंदिर के रास्ते पर पड़ा मिला था। मृतक की पत्नी ने मोहल्ले की महिलाओं की मदद से शव को घर में रखवा दिया। मौत की जानकारी होते ही नरेंद्र की मां और परिवार के अन्य सदस्य घर पहुंच गए। बूढ़ी मां रो-रो कर हत्या किए जाने का आरोप लगा रही थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बूढ़ी मां के आरोप की पुष्टि कर दी थी। शव मिलने के बाद से आज छह दिन बीत गए हैं, लेकिन अब तक परिजनों ने मामले की थाने में तहरीर नहीं दी है। इस संबंध में सीओ बल्देव सिंह ने बताया है कि मृतक के परिजनों को तहरीर देने के लिए बुलाया गया है, लेकिन वह नहीं आए हैं। प्रभारी निरीक्षक छुट्टी पर चले गए हैं। जैसे ही प्रभारी निरीक्षक लौट कर आते हैं, मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।