शिकोहाबाद। खेती की भूमि के विवाद में नंदराम की मढ़ैया में हुए हत्याकांड में फरार चल रहे हत्यारोपी को नसीरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी पिछले काफी समय से फरार चल रहा था। उसको पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
नसीरपुर क्षेत्र के गांव नंदराम की मढ़ैया में सत्यभान की पांच बीघा खेती की भूमि के लिए हत्या कर दी गई थी। बीचबचाव करने आईं मृतक के परिवार की महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों को भी बेरहमी से पीटा गया था। इस हत्याकांड के बाद मृतक के भतीजे ने थाना नसीरपुर में सूरत राम समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसएसपी के निर्देश पर तीन टीमों का गठन करते हुए पुलिस टीम ने पूर्व में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हत्याकांड में हत्यारोपी विनोद कुमार फरार चल रहा था। उसको पुलिस ने बीते बुधवार को फतेहपुर-करखा अंडरपास के समीप से गिरफ्तार कर लिया है।