फिरोजाबाद। सुहागनगरी में शनिवार को भी पानी का संकट रहा। सुबह करीब आधा घंटे ही सप्लाई मिल सकी। वहीं खेड़ा गनेशपुर और दीदामई टंकी से जुड़े 24 से अधिक मोहल्लों में गंगाजल की सप्लाई दूसरे दिन भी बाधित रही। पानी न आने के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पानी के लिए लोग खाली बर्तन लेकर भटकते नजर आए।
बृहस्पतिवार रात तेजी आंधी और बारिश के बीच शहर की बिजली सप्लाई पूरी तरह से बाधित हो गई थी। वहीं सैलई स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट करीब 15 घंटे बंद रहा। इसको लेकर शुक्रवार को शहर में पूरे दिन पानी की सप्लाई बाधित रही। खेड़ा गनेशपुर और दीदामई टंकी को जिन क्षेत्रों से बिजली की सप्लाई दी जाती है। वहीं पर आठ विद्युत पोल टूट गए थे, जो शनिवार तक ठीक नहीं हो सके। बिजली की सप्लाई चालू न होने के कारण खेड़ा गनेशपुर और दीदामई की टंकियां नहीं भर सकी।
इस कार 24 से अधिक मोहल्लों में शनिवार को भी पानी की सप्लाई पूरी तरह से बाधित रही। वहीं रसूलपुर टंकी से जिन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई दी जाती है, वहां पर भी आंशिक रूप से पानी की सप्लाई बाधित रही। कुछ बाधित वाले मोहल्लों में टैंकरों से पानी का सप्लाई कराई। जल निगम के सहायक अभियंता दिनेश चंद्र शर्मा का कहना है कि शनिवार को करीब 24 से अधिक मोहल्लों में पानी की सप्लाई बिजली न आने के कारण बाधित रही।
पाइपलाइन तो डाली लेकिन गलियों की मरम्मत न होने से हो रही दिक्कत
खैरगढ़। जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। कार्य की गति धीमी होने के कारण पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। कई क्षेत्रों में पाइपलाइन तो डाल दी लेकिन गलियों की मरम्मत अभी तक नहीं की गई है जिससे दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन गलियों में पाइपलाइन डल चुकी है उनकी मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाए।