फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के आसफाबाद निवासी बंटी की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। उसके अत्यधिक शराब पीकर हंगामा करने के कारण उसकी पत्नी ने हथौड़े से प्रहार करके हत्या कर दी थी। आत्महत्या का रूप देने को उसने गले में मफलर का फंदा बनाकर बांस से बांध दिया था। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक वासुदेव सिंह और हमराही पुलिस बल के साथ आसफाबाद चौराहे से गंगानगर निवासी पूनम पत्नी बंटी को गिरफ्तार कर लिया। महिला से थाने लाकर गहनता से पूछताछ की तो उसने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। थाना प्रभारी रसूलपुर ने बताया कि दो जनवरी को गंगानगर निवासी बंटी पुत्र जगराम की फांसी लगाने से मौत होने की सूचना मिली थी।
परिजन उपचार को सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले गए थे वहां मौत होने के बाद उसके शव को अंतिम संस्कार करने को पैत्रक गांव थाना नसीरपुर के सिद्ध का पुरा ले गए थे। थाना नसीरपुर पुलिस को बंटी की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। पुलिस ने अंतिम संस्कार को रुकवाकर शव रसूलपुर भेज दिया था। तीन जनवरी को थाना रसूलपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब सिर में चोट के निशान आए तो पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी रसूलपुर ने मृतक युवक की बेटियों से पूछताछ की तो उन्होंने मम्मी के पिता की हत्या कीए जाने की बात कही। पूनम को गिरफ्तार करके पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि पति बंटी शराब पीने का आदी हो गया था। शराब पीकर गाली गलौज एवं क्लेश करता था। काफी कर्ज हो गया था। गांव सिद्धपुरा में करीब 28 बीघा पैत्रक जमीन से सात बीघा को बेंचकर कर्ज चुकाने के साथ बाकी रुपये शराब पीने में खर्च कर दिये थे।
शराब पीकर मारपीट करने से वह परेशान थी। दो जनवरी शाम को शराब पीकर आने के साथ मारपीट, अभद्रता की। उसने घर में रखे हथौड़े से सिर में बार कर दिया। दो बार करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में मफलर का फंदा बनाकर शव को बल्ली पर लटकाया था। बेटी के माध्यम से मोहल्ले के लोगों को फांसी लगाने की सूचना दे दी थी।