फिरोजाबाद। नगर निगम में तैनात लेखाधिकारी राजीव कुमार चौधरी पर शासन द्वारा हुई कार्रवाई की गाज गिर गई। शासन के निर्देश पर नगर आयुक्त विजय कुमार ने लेखाधिकारी को कार्य मुक्त कर दिया है। उनका कार्यभार सहायक लेखाधिकारी अरविंद कुमार देखेंगे।
नगर निगम में तैनात लेखाधिकारी राजीव कुमार चौधरी के खिलाफ ठेकेदारों और पार्षदों की शिकायतें शासन व प्रशासन तक जा रहीं थी। सदर विधायक मनीष असीजा ने भी लेखाधिकारी की शिकायत शासन में की थी। पार्षद हरिओम वर्मा ने नगर निगम बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा उठाया था। शासन प्रशासन से शिकायत करते हुए ठेकेदारों ने लेखाधिकारी पर कमीशन लेकर भुगतान करने के आरोप भी लगाए थे। वहीं पार्षदों ने भी लेखाधिकारी पर मनमानी के आरोप लगाते हुए शिकायतें की थी। शिकायत शासन तक पहुंची तो शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखाधिकारी के खिलाफ जांच कराई। आगरा नगर निगम में तैनात अपर नगर आयुक्त को जांच सौंपी गई थी। नगर आयुक्त विजय कुमार ने शासन के निर्देश पर लेखाधिकारी राजीव कुमार चौधरी को कार्यमुक्त करते हुए सहायक लेखाधिकारी अरविंद को कार्यभार देखने के निर्देश जारी कर दिए।