नगर निगम में पार्षदों द्वारा हंगामा करने के बाद खाली पड़ीं कुर्सियां
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। समस्याओं लेकर नगर निगम पहुंचे पार्षदों को अधिकारी नहीं मिले। जेई द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर पार्षदों में आक्रोश भड़क गया। जेई से हॉकटॉक होने के साथ ही पार्षदों ने कुर्सी फेंक दी।
सोमवार को सुबह 11 बजे पार्षद मुन्नेंद्र यादव नगर निगम निर्माण विभाग में पहुंचे। उस समय पार्षद अवनेंद्र यादव, सुभाष यादव नगर निगम में मौजूद थे। आफिस में केवल जेई प्रवीन कुमार मौजूद थे। चीफ इंजीनियर के कक्ष में कंप्यूटर आपरेटर काम कर रहे थे, जबकि जेई के कमरे में कुछ ठेकेदार बैठे थे। निर्माण विभाग में जेई के कक्ष में ठेकेदारों का जमघट लगा होने पर पार्षदों में आक्रोश फैल गया। पार्षद मुन्नेंद्र यादव ने जेई प्रवीन कुमार से जेई राकेश कुमार के बारे में जानकारी की तो प्रवीन द्वारा संतोष जनक जवाब न दिए जाने पार्षदों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हंगामा करते हुए कुर्सी को फेंकना दिया। पार्षद अपना विरोध दर्ज कराते हुए वहां से चले गए।
नाला पाटने में हो रही मनमानी: पार्षद मुन्नेंद्र
पार्षद मुन्नेंद्र यादव का कहना है कि करीब 15 दिन पूर्व ढोलपुरा नाले में बालक की गिरकर मौत हो गई थी। नगर आयुक्त विजय कुमार ने नाले को पटवाने के आदेश दिए थे। ठेकेदार द्वारा नाले को गाटर पटिया से पटवाया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण गाटर पटिया भारी वाहनों का वजन सहन नहीं कर पाएगी। जेई प्रवीन कुमार के पास कुर्सियों पर ठेकेदार बैठे थे और पार्षद खड़े होकर बात कर रहे थे। हम लोगों ने कुर्सियां नहीं फेंकी है।
कोई भी काम रोस्टर से नहीं हो रहा: सुभाष
पार्षद सुभाष यादव का कहना है कि कोई भी काम रोस्टर के अनुसार नहीं हो रहा। जनता हम लोगों को घेराव करती है। हम लोग कार्यालय के चक्कर लगाते लगते थक जाते है लेकिन अधिकारी नहीं मिलते। सड़कों का पेंचवर्क भी नहीं हो पा रहा। अपनी समस्या के बारे में किससे शिकायत करें समझ में नहीं आता।