एआरटीओ कार्यालय पर छापे के दौरान पूछताछ करते डीएम चंद्र विजय सिंह।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सोमवार को डीएम ने एआरटीओ कार्यालय पर छापा मारा। डीएम को देख यहां मौजूद दलाल भाग गए। अधिकांश पटल खाली हो गए। डीएम को वहां कई खामियां मिली। नेट कनेक्टिविटी नहीं होने से कामकाज ठप था। लोगों की शिकायत पर डीएम ने एआरटीओ प्रशासन को फटकार लगाई। सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सुबह साढे़ ग्यारह बजे जिलाधिकारी अचानक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। एआरटीओ कार्यालय में मौजूद दलाल वहां से दीवार फांद कर रफूचक्कर हो गए। महत्वपूर्ण पत्रावलियां कार्यालय की गैलरी में पड़ी थी। रिकार्ड रूम में भी पत्रावलियों का रख-रखाव दुरस्त नहीं था। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट की। एआरटीओ की मेज पर भी फाइलों का अंबार लगा हुआ था। जिस पर डीएम ने एआरटीओ प्रदीप कुमार सिंह से सवाल जबाब किए तो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
यही नहीं उनके कार्यालय के बाहर निर्वतमान अधिकारी नीतू सिंह के नाम की पट्टिका लगी हुई थी। कार्यालय में गत 14 अगस्त से नेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण कामकाज पूरी तरह ठप होने की बात सामने आई। इस पर डीएम ने एआरटीओ को कड़ी फटकार लगाते हुए सोमवार शाम तक नेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था करने को कहा अन्यथा की स्थिति में मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।