मुख्यमंत्री को मुलायम सिंह यादव की डिग्री और प्रशस्ति पत्र देते एके कॉलेज के प्राचार्य।
आदर्श कृष्ण महाविद्यालय के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कालेज प्राचार्य डा. आरके सिंह ने मुलायम सिंह यादव द्वारा महाविद्यालय से किए गए बीटी कोर्स की अंक तालिका भेंट की।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने एके महाविद्यालय से सत्र 1963-64 में बीटी कोर्स (बेसिक टीचिंग कोर्स) किया था। अब इस कोर्स को बीएड कहा जाता है। महाविद्यालय प्राचार्य डा. आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को मुलायम सिंह यादव की लेमीनेटेड मार्कशीट और उनके द्वारा कालेज की प्रगति में दिए योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र भेंट किया। अपने पिता की मार्कशीट देखकर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के प्रति आभार जताया। प्राचार्य डा. आरके सिंह ने बताया कि महाविद्यालय के पास वर्ष 1960 तक का रिकार्ड उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि माननीय मुलायम सिंह यादव जी 1989 में प्रथम बार मुख्यमंत्री बनने के बाद कालेज आए थे। उस समय कालेज के विकास के लिए उन्होंने शुरू में 10 लाख रुपये दिए थे । इस धनराशि को बाद में उन्होंने दोगुना कर दिया। इस धनराशि से कालेज में मुलायम सिंह यादव भवन का निर्माण कराया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाविद्यालय को विकास के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये दिए। इस धनराशि से कृषि संकाय की आठ प्रयोगशालाओं और मुलायम सिंह यादव पुरुष छात्रावास का निर्माण कराया गया। छात्रावास का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को फीता काटकर शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने छात्रावास प्रांगण में एक आम का पौधा भी रोपित किया।