फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड पर सोमवार को एमएसटी ने बनवाने आए युवक से ऑनलाइन भुगतान लेने से मना करने पर युवक ने कार्यालय में घुसकर एमएसटी बाबू की जमकर बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। रोडवेज बस स्टैंड पर शिकोहाबाद के निवासी रतनेश कुमार एमएसटी बाबू के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को उत्तर थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर निवासी नितिन गुप्ता एमएसटी बनवाने के लिए पहुंचा था। एमएसटी बनवाने के बाद वह ऑनलाइन भुगतान करने लगा। बाबू ने कहा कि हमारे में ऑनलाइन भुगतान लेने की कोई व्यवस्था नहीं है। नकद रुपये ले आओ और एमएसटी ले जाओ। बस इसी बात से आग बबूला हुए युवक ने कार्यालय के अंदर जाकर गाली-गलौज की। इसके बाद जमकर बाबू की बेरहमी से पिटाई कर दी।
जानकारी पर स्टाफ के अलावा आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर डायल-112 पुलिस के साथ थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने उक्त युवक को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलने लगी। उक्त युवक के परिजन ने बाबू से माफी मांगी तो दोनों के बीच समझौता हो गया। थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। पीड़ित पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी।