उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दवा कंपनी में एमआर की बाजरा के खेत में गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों के वहां से गुजरने पर मामले की जानकारी हुई। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव करीब 18 से 20 घंटे पुराना बताया जा रहा है।
थाना रामगढ़ के गांव नैपई निवासी दीपक (22) दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) था। वह सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मथुरा मीटिंग में जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन ने तलाश शुरू कर दी। पता नहीं चलने पर अनहोनी की आंशका के चलते पुलिस को सूचना दी। मंगलवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को बाजरा के खेत में शव होने की सूचना दी।
सूचना पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अनिवेश सिंह, थाना नारखी प्रभारी, रामगढ़ प्रभारी पुलिस के साथ पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन ने मृतक की शिनाख्त दीपक के रूप में की। डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटना स्थल का जायजा लिया है। परिजन ने बताया कि उसकी डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी एक बच्ची भी है। मृतक के भाई प्रदीप की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मुट्ठी में थी मौके की मिट्टी और घास
नैपई के रहने वाले एमआर की हत्या कपावली स्थित एक बाजरे के खेत में की गई है। मौके पर फोरेंसिक की टीम ने साक्ष्य जुटाए। मौका मुआयना में उसकी हत्या की बात सामने आई है। युवक की हत्या करीब 18 से 20 घंटे पहले की गई है। क्योंकि उसके शव से दुर्गंध आ रही थी।
उसका शरीर भी डी कंपोज हो रहा था। इसके साथ ही उसकी मुट्ठी में मौके की मिट्टी और घास थी। हालात बयां कर रहे थे कि मौत से पहले युवक ने संघर्ष किया था। उसकी हत्या में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका पुलिस जता रही है।
शव के पास मिला शराब का टेट्रा पैक और कोल्ड्रडिंक
दीपक के शव के पास ही शराब का टेट्रा पैक व तीन कोल्डड्रिंक की बोतल भी मिलीं। इससे आंशका यह है कि हत्या के दौरान दो से तीन लोग मौके पर मौजूद थे। मौके पर शराब व कोल्डड्रिंक का सेवन किया गया।
युवक का शव बाजरे के खेत में मिला था। नाक से खून निकल रहा था। उसके बाएं हाथ में कुछ घाव हैं। पास से ही शराब का टेट्रा पैक और कोल्डड्रिंक की बोतल मिली है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। - रवि शंकर प्रसाद, एसपी सिटी