शिकोहाबाद। गैस सिलिंडर में रेगुलेटर लगाते समय अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इससे मां-बेटा एवं बेटी गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक होने के चलते घटना में झुलसे हुए तीनों लोगों को व्यापक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी निवासी सुनील कुमार (32) शुक्रवार शाम 5 बजे करीब घर में गैस सिलिंडर खत्म होने के चलते दूसरा सिलिंडर निकालकर उसमें रेगुलेटर लगा रहे थे। सिलिंडर बदलने के बाद जैसे ही रेगुलेटर को चालू किया। अचानक उसमें लगा हुआ गैस का पाइप निकल गया, जिससे आग लग गई। आग ने तुरंत ही विकराल रूप धारण कर लिया। जिसमें सुनील गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी चीख-पुकार की आवाज सुनकर मां अनीता जैन एवं बीमार पिता को देखने के लिए मायके आई ओमनगर आवगंगा रोड शिकोहाबाद निवासी पायल आग से घिरे अपने भाई सुनील को बचाने दौड़ी।
तभी मां और बेटी भी आग में घिर गए। आग की लपटों में घिरे हुए तीनों लोग रसोईघर से बाहर की ओर भाग निकले। आग की लपटों से घिरे हुए तीनों लोगों को देखकर आस-पड़ोसियों ने किसी तरह आग को बुझाया। जिन्हें तत्काल ही उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह भी अस्पताल जा पहुंचे। जहां घायलों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ही मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।