टूंडला आगरा-फीरोजाबाद हाईवे स्थित टूंडला ओवरब्रिज पर भीषण हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मां की मौत हो गई। वहीं युवक की गर्भवती पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के आगरा ले जाया गया हैं। इधर, वहीं सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतकों के शवों को हाईवे पर रख जाम लगा दिया। पुलिस और एसडीएम ने बमुश्किल परिवारीजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
गांव नगला सिंघी निवासी अनिल पचौरी (27) पुत्र ऋषि पचौरी एफएच मेडिकल कालेज में पैथोलोजिस्ट था। वह गर्भवती पत्नी प्रियंका (24) और मां सुनीता देवी (50) का अस्पताल में चेकअप कराने गया था। पत्नी का अल्ट्रासाउंड और मां का चेकअप कराने के बाद वह मंगलवार शाम चार बजे बाइक पर दोनों को बैठाकर गांव लौट रहा था। टूंडला ओवरब्रिज पर क्राइस्ट द किंग के सामने पीछे से ही आ रहे सीमेंट से भरे ट्रैक्टर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अनिल पचौरी और उनकी मां सुनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं उसकी पत्नी प्रियंका के दोनों पैर ट्रैक्टर का पहिया निकलने से बुरी तहर कुचल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से गंभीर घायल प्रियंका को एफएच मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया।
इधर, हादसे की जानकारी पर परिवारीजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गये। हादसे से गुस्साए परिवारीजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों को समझाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। मौके पर पहुंचे एसडीएम संगमलाल यादव और सीओ राजेंद्र यादव ने नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर परिवारीजनों को शांत कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद जाम खुल सका।