स्कूली बच्चों ने ली सिरसागंज नगर को स्वच्छ बनाने की शपथ
- प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से महात्मा गांधी की जयंती तक चलेगा विशेष अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर महात्मा गांधी के जन्मदिन तक सिरसागंज नगर पालिका द्वारा स्वच्छता का एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। आगाज पर ढाई हजार के करीब छात्रों और नागरिकों ने शहर को स्वच्छ बनाने की शपथ ली।
नगर पालिका अध्यक्ष रंजना गुरुदत्त सिंह ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि एक सेवा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। समाजसेवी डॉ. गुरुदत्त सिंह ने लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके पर्यावरण को सुरक्षित रखने का महत्व समझाया। स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर अश्वनी कुमार जैन ने छात्रों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने देश को गुलामी से मुक्त कराया, उसी तरह हमारा कर्तव्य है कि हम गंदगी को दूर करके भारत माता की सेवा करें। शपथ लेने वाले छात्रों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रा रागिनी ने कहा कि पहले वे चिप्स के पैकेट कहीं भी फेंक देते थे, लेकिन अब उन्हें समझ आ गया है कि उनकी एक छोटी सी गलती पूरे शहर को गंदा कर सकती है। वहीं, छात्र आर्यन ने कहा कि यह सिर्फ एक शपथ नहीं, बल्कि खुद से किया गया एक वादा है। सभी ने हर साल 100 घंटे यानी हर हफ्ते 2 घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन, स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप जादौन और अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार भी मौजूद थे।