फिरोजाबाद। चलती ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों पर पत्थरबाजी कर उनके मोबाइल फोन गिराकर लूटने और छीनने वाले गिरोह का जीआरपी ने पर्दाफाश किया है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर के नीचे से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो युवक और तीन बाल अपचारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी और छिनैती के नौ मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले पत्थर बरामद किए हैं।
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि आरोपी रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों के दरवाजों पर बैठे या मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। पत्थर या डंडा मारकर उनका मोबाइल नीचे गिरा देते थे और फिर उसे उठाकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी और छिनैती से मिले मोबाइल बेचकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में ठेके वाली गली नगला विष्णु निवासी राजपाल और नगला विष्णु निवासी सौरभ चौहान शामिल हैं, जबकि तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक राजपाल और सौरभ के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, एक बाल अपचारी पर जीआरपी फिरोजाबाद में पहले से दो मामले दर्ज हैं। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।