फिरोजाबाद। दिवाली के बाद मनरेगा योजना के कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। विभाग ने पुराने भुगतान करने के साथ ही नए कार्यों को हरी झंडी प्रदान करने की प्लानिंग तैयार कर ली है। ग्रामीण अंचल में पार्कों व स्टेडियम के साथ-साथ अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गांवों में विकास कार्य होते दिखाई दे सकें। डीएम रमेश रंजन ने पंचायतों में ग्रामीण खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए खेल के मैदान के साथ पार्क आदि को बनाए जाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए मनरेगा योजना से काम कराए जाने की प्लानिंग की थी। सीडीओ शत्रोहन वैश्य के निर्देशन में ग्रामीण अंचल में भूमि के चिह्नांकन करने के साथ उनमें काम शुरू किया जाता था। दिवाली के मौके पर मनरेगा योजना में निर्माण कार्यों के भुगतान किए जाने के साथ श्रमिकों के भुगतान का क्रम चलता रहा। इसके कारण इन कार्यों को गति नहीं मिल सकी थी।
इधर जिला प्रशासन की ओर से जिले की 26 ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना से अंत्येष्टि स्थल बनाए जाने की तैयारी की गई है। दिवाली के बाद मनरेगा योजना के कार्यों को गति प्रदान किए जाने की तैयारी की है, जिससे ग्रामीण अंचल में यह कार्य काफी तेजी से हो सकें। विभाग ने इसके लिए सभी ब्लाॅकों को भी जिम्मेदारी सौंपी है।
-जिले के ग्रामीण अंचल में स्टेडियम, पार्क के साथ-साथ अंत्येष्टि स्थल बनाए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। दिवाली के बाद इन कार्यों को गति प्रदान की जाएगी, जिससे ग्रामीण अंचल में विकास कार्य होते दिखाई दे सकें।
सुभाषचंद्र, उपायुक्त मनरेगा