उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सोने-चांदी की एक दुकान पर खरीदारी करने के बहाने बदमाश अपने साथी की मदद से चार अंगूठी लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस शातिरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
टूंडला थाना क्षेत्र के न्यू शिवनगर निवासी सचिन वर्मा ने करीब छह माह पूर्व शहर से सटे मोहम्मदाबाद गांव में राधा ज्वैलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान खोली है। स्वर्णकार रविवार शाम चार बजे करीब दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां एक युवक अंगूठी खरीदने के बहाने वहां पहुंचा।
स्वर्णकार उसे अंगूठी दिखा रहे थे, तभी वह झपट्टा मारकर मर्दानी व जनानी चार अंगूठी लेकर दुकान भाग खड़ा हुआ। कुद ही दूरी पर एक्टिवा स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। इस बीच स्वर्णकार ने शोर मचाया, जब तक लोग कुछ समझ पाते तथा एकत्रित होते वह एक्टिवा पर सवार होकर काफी दूर निकल चुका था।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, किंतु उसका कोई पता नहीं चला। अंगूठियों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी अनुज राणा का कहना है कि स्वर्णकार की दुकान पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। रास्ते में लगे सीसीटीव कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाश पुलिस गिरफ्त में होंगे।