फिरोजाबाद। कस्बा एका के गांव नगला गंगी में सिंथेटिक दूध का बड़ा कारोबार पकड़ा गया। एक घर में चल रही डेयरी में कार्रवाई करने गई टीम को 300 लीटर तैयार सिंथेटिक दूध मिला। दूध को माल्टोस पाउडर, कास्टिक सोडा, रिफाइंड, पामोलिन के साथ टायलेट क्लीनर, हाइड्रोजन पराक्साइड से मिलाकर बनाया जा रहा था। टीम ने नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है।खाद्य सुरक्षा सिंथेटिक दूध तैयार कराए जाने की सूचना पर सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर सिंह ने अपनी टीम के साथ में नगला गंगी में छापा मारा। यह निर्माणधीन घर सुनील डेयरी बताया गया। टीम को यहां पर कई डिब्बाें में करीब 300 लीटर दूध मिला। मौके से टीम को माल्टोस पाउडर, कास्टिक सोडा, रिफाइंड, पामोलिन के साथ रिंजी, हाइड्रोजन पराक्साइड मिला। टीम ने मौके पर मिले दूध का नमूना लेकर इसे नष्ट कराया। सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि दूध के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
भूसे के ढेर में छिपाए केमिकल
टीम तीन दिन से सिंथेटिक दूध के कारोबार की जानकारी जुटा रहा था। टीम को पक्की खबर मिली तो सहायक आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार ने छापेमारी की। टीम को घर में कहीं केमिकल नहीं मिला तो वह निराश होकर वापस लौटने लगी। सहायक आयुक्त की निगाह भूसे पर पड़ी तो डंडे से हटाना शुरू कर दिया। भूसे के ढेर में माल्टोस पाउडर, कास्टिक सोडा, रिफाइन पामोलिन, रिंजी, हाइड्रोजन पराक्साइड आदि केमिकल मिले। इस सामान को जब्त कर लिया गया है।