पुलिस भर्ती से लिखित परीक्षा हटाकर मेरिट प्रक्रिया लागू करने के विरोध में युवाओं ने एटा-शिकोहाबाद मार्ग जाम कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आदेश वापस लेने की मांग की। युवाओं ने कहा कि सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। भर्ती का आधार मेरिट न होकर लिखित परीक्षा होनी चाहिए।
जसराना के मंडी समिति के पास सोमवार को युवाओं ने एटा शिकोहाबाद मार्ग अवरुद्ध कर दिया। युवाओं ने सपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान युवाओं ने कहा पुलिस भर्ती को सरकार लिखित परीक्षा के माध्यम से न कराकर मेरिट के आधार पर करा रही है, जो सरासर गलत है। युवाओं ने कहा कि पूर्व की भांति ही भर्ती प्रक्रिया कराई जाए। इस दौरान युवाओं ने कहा कि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो युवा आंदोलन करेंगे। जाम की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवाओं को समझाया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। युवाओं ने एसडीएम के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार छविराम वर्मा को ज्ञापन देने से मना कर दिया। बाद में एसडीएम जसराना अमित सिंह मौके पर पहुंचे। युवाओं ने ज्ञापन देते हुए ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया। जाम लगाने एवं ज्ञापन देने वालों में अशोक, जसवीर, गौरव, बबलू, सतेंद्र, सुनील, सोनू, नितिन, गुरदीप, हरवीर, विकांत, प्रदीप, उपेंद्र, राजेश, मुकेश, प्रवीन, राजू, राजीव, रंजीत, मनोज, कंचन, नरेश, सुमित, मोहित, पूरन, विपिन, राघवेंद्र, अमोल, मोहन, सोहन, सोमेश, लालू, योगेंद्र, योगेश, दीपेंद्र आदि प्रमुख रहे।