फिरोजाबाद। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहले से इंतजाम किए गए हैं। रविवार को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निगरानी समितियों को बच्चों के लिए शासन की ओर से भेजी गई दवाइयों की किट बांटी गई। यह समितियां गांव-गांव और शहर के मोहल्लों में जरूरतमंद को किट प्रदान करेंगी। करीब 1800 किटों का वितरण किया गया।
राजेंद्र विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मनीस असीजा और सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने निगरानी समितियों के सदस्यों को किट का वितरण किया। यह किट 18 साल तक की उम्र के लोगों के लिए है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कोरोना की संभावित तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित कर सकती है।
ऐसे में दवाओं की आपूर्ति को लेकर शासन-प्रशासन पहले से ही सतर्क है। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने कहा कि यह किट उम्र के हिसाब से बच्चों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभिभावक टीकाकरण कराकर अपने और अपने परिवार को सुरक्षित बनाए। प्रवीण पारोलिया, शैलू अग्रवाल, रिचा जिंदल, बीपी सिंह, पार्षद हरिओम वर्मा, मोहित अग्रवाल, प्रमोद राजोरिया, मनोज आदि उपस्थित रहे।