फिरोजाबाद। परिषदीय स्कूलों में वितरण होने वाले एमडीएम में गड़बड़ी के मामले गाहे बगाहे सामने आ ही जाते है। नारखी ब्लाक के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बटोलर में बुधवार को दूध वितरण न होने पर अभिभावकों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि बुधवार को दूध वितरण का नियम है। इसके बावजूद पूरे सत्र में दूध वितरित नहीं किया गया है।
बटोलर ही नहीं, बल्कि जनपद के कई विद्यालयों में लंबे अर्से से दूध का वितरण नहीं हो रहा है। जबकि कागजों में बच्चे प्रतिदिन दूध पी रहे हैं। अभिभावक ओपी सिंह ने बताया कि बच्चों को जुलाई से दूध का वितरण नहीं किया जा रहा है। बुधवार के दिन सिर्फ तहरी खिला दी जाती है। देव कुमार ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय बटोलर में शिक्षक समय से पढ़ाने नहीं आते हैं। आते हैं तो 12 बजे चले जाते हैं।
बच्चों को पर्याप्त एमडीएम नहीं दिया जाता है। अन्य अभिभावकों ने भी शिक्षकों पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। यही हाल उच्च प्राथमिक विद्यालय बटोलर के बताया गया। हंगामे के दौरान विद्यालय में प्रधानाध्यापक वहां से चले गए। उच्च प्राथमिक विद्यालय बटोलर के प्रधानाध्यापक पोप सिंह ने बताया कि स्कूल में 65 किलोमीटर दूर से दूध आता है।
यह बुधवार को नहीं आ सका था। अगले बुधवार को दूध का वितरित किया जाएगा। प्राथमिक विद्यालय बटोलर के प्रधानाध्यापक राजीव सिंह ने बताया कि हर बार दूध का वितरण किया जाता है। आगे भी दूध वितरित किया जाएगा। बीएसए अरविंद पाठक ने कहा कि इस संबंध में हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। अभिभावकों शिकायत करेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।