फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में शिक्षक भ्रमित हो रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षार्थियों की उपस्थिति के लिए उपलब्ध कराई पंजिका और परीक्षा कार्यक्रम में परीक्षा का समय अलग-अलग है। केंद्र व्यवस्थापक परेशान हैं कि आखिर कौन-सी पाली में परीक्षा कराएं। केंद्र व्यवस्थापकों ने पंजिका देखी तो डीआईओएस को अवगत कराया है। हालांकि कुछ केंद्रों पर उपस्थिति पंजिका में सही समय है।
बोर्ड की ओर से घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल संगीत गायन विषय की परीक्षा 19 फरवरी, वाणिज्य की 26 फरवरी और कंप्यूटर की परीक्षा दो मार्च को दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक होनी है। यह समय छात्रों को वितरित परीक्षाओं के प्रवेशपत्र पर भी दर्ज है।
जबकि परीक्षा केंद्रों को दिए चार्ट में इन्हीं परीक्षाओं का समय सुबह की पाली में सुबह आठ बजे से 11.15 बजे तक दर्शाया है।
कमला नेहरू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित विद्यार्थी ने बताया कि हमने डीआईओएस को इस बारे में अवगत करा दिया है। उनका जो आदेश होगा तो हम उसका पालन करेंगे।
बोर्ड की इस गलती के संबंध में अवगत कराया जाएगा। इसे ठीक कराया जाएगा। अगर किसी और कॉलेज में इस प्रकार की समस्या आई हो तो वह हमें कराएं, ताकि गलती को सुधारा जा सके।
रितु गोयल, डीआईओएस।