फिरोजाबाद के स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में दबिश देकर सोमवार रात नूंह (हरियाणा) जिले की बिछौर थाना पुलिस ने एमबीबीएस 2021 बैच के एक छात्र को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में स्थानीय पुलिस भी शामिल रही। गिरफ्तार एमबीबीएस छात्र पर अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने, सामूहिक दुष्कर्म कराने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।
आरोपी छात्र हरियाणा के पलवल जिले के अंधोला (हथीन) का रहने वाला है और फिरोजाबाद में मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में कमरा नंबर 205 में रह रहा था। उसके खिलाफ 23 सितंबर 2025 को हरियाणा के बिछौर थाने में उसकी पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि डॉक्टर बनने के बाद आरोपी उसे बदसूरत और जाहिल कहकर प्रताड़ित करने लगा था।
यह आरोप भी है कि पति ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा किया और नीमका के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करवाया। आरोपी पति और उसके साथियों ने पीड़िता को नग्न अवस्था में जंगल में छोड़ दिया था और उसकी तस्वीरें भी ली थीं। इसी मामले में सोमवार रात बिछौर थाना पुलिस और नारखी थाना पुलिस पहुंची और कॉलेज प्रशासन को एफआईआर की कॉपी सौंपते हुए पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को अपनी हिरासत में ले लिया।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस द्वारा पुख्ता सबूत और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराए जाने के बाद आरोपी छात्र को उनके हवाले किया।
-डाॅ. योगेश गोयल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज